दुनका। शाही थाना क्षेत्र में मधुमक्खी पालन का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति के खेत में रखे मधुमक्खियों के 80 बॉक्स चोरी हो गए। पीड़ित ने फिरोजाबाद क्षेत्र के लोगों पर चोरी का शक जताते हुए शाही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव अकसौरा निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि वह मधुमक्खी पालन का काम करते हैं। उन्होंने अपनी करीब 110 मधुमक्खियों के बॉक्स थाना शाही क्षेत्र के गांव आनंदपुर निवासी अनिल कुमार के खेत में रखे थे। आरोप है कि 10/11 नवंबर की रात चोरों ने खेत से करीब 80 बॉक्स चोरी कर लिए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी गए बॉक्स का कोई सुराग नहीं लगा। प्रवीण कुमार के मुताबिक, कुछ दिन पहले उन्होंने फिरोजाबाद क्षेत्र के कुछ लोगों को पिकअप से आसपास घूमते हुए देखा था। उन्हें आशंका है कि चोरी की वारदात में उन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।