बरेली। पंचायत सहायक की नौकरी युवाओं को रास नहीं आ रही है। जिले में 1188 पंचायत सहायकों में से 79 ने नौकरी छोड़ दी। इस वजह से पद खाली चल रहे थे। ग्राम पंचायतों के काम भी प्रभावित हो रहे थे। अब शासन के आदेश के बाद भर्तियां शुरू हो गई हैं।
पंचायत सहायकों को छह हजार रुपये पारिश्रमिक दिया जाता है। कई ग्राम पंचायतों में सहायक न होने के कारण कार्यालय ही नहीं खुल पा रहे थे। अधिकारी इन सहायकों की भर्ती का इंतजार कर रहे थे, लेकिन शासन से अनुमति नहीं मिल पा रही थी। साल में एक बार ही इन पदों पर भर्तियां निकलती हैं। अब चुनाव के बाद शासन ने पंचायत सहायकों की भर्तियों के लिए निर्देश दे दिए हैं। 30 जून तक आवेदन लिए गए। अब भर्ती प्रकिया चल रही है। डीपीआरओ कमल किशोर ने बताया कि 79 पंचायत सहायकों के भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सभी पद भर जाएंगे।