बरेली। जोगी नवादा में वनखंडीनाथ मंदिर के पास 72 वर्षों से आयोजित होने वाली रामलीला का क्रम जारी रहेगा। हिंदू जागरण मंच के दुर्गेश और मेला समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्र राठौर ने शुक्रवार को पदाधिकारियों के साथ महापौर से मुलाकात कर समस्या बताई। इस पर महापौर ने मेला स्थल के सामने की जमीन पर मंचन करने के लिए कहा है। महापौर ने मुख्य अभियंता से जमीन को समतल कराने के लिए कहा है।
बैठक में मामला उठा कि जहां निगम रामलीला मंचन कराने के लिए कह रहा है, वह जमीन बहुत छोटी है। लाखों की भीड़ होती है, जिससे अव्यवस्था फैल जाएगी। पुतला दहन के लिए तीनों पुतलों के चारों ओर सौ फीट की जगह चाहिए होगी। पुतलों की लंबाई भी काफी होती है, ऐसे में वहां पर पुतला दहन नहीं हो सकेगा। दंगल के लिए भी अलग जगह देखनी होगी। निगम जो जमीन दे रहा है, वहां सिर्फ दुकानें लग सकती है। इसको लेकर महापौर ने जोगी नवादा में शाम छह बजे निरीक्षण किया। महापौर उमेश गौतम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तय हुआ है कि निगम ने जहां वाटिका तैयार की है, उसकी आधी जमीन मेला समिति को कार्यक्रम के लिए दी जाएगी। वहीं पर पुतला दहन और दंगल का आयोजन किया जाएगा।
महापौर की सहमति के बाद वहां मिट्टी डालने और कूड़ा हटाने का काम शुरू हो गया है। मेला समिति के संरक्षक हरिओम राठौर ने बताया कि जो नई जगह मेला समिति को दी गई है, वहां से निगम कूड़ा हटाकर और तालाब बन चुकी जमीन पर मिट्टी डालकर समिति को देगा। इसके बाद कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।