बरेली। सड़क पर कब्जा कर डेयरी संचालित करने के आरोपी के खिलाफ बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. के कहने पर एसपी सिटी अभिनंदन के आदेश पर यह कार्रवाई हुई है। कालीबाड़ी में बट्टू लाला चौक के पास बाबू नाम का व्यक्ति सड़क पर कब्जा कर डेयरी संचालित कर रहा था। गोबर भी नाली में बहाया जा रहा था। रविवार को सफाई नायक देवदास ने विरोध किया तो बाबू ने अभद्रता कर दी। नगर आयुक्त ने डेयरी संचालक पर रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए तो सफाई निरीक्षक दीपक कुमार ने थाना बारादरी में तहरीर दी। पुलिस तहरीर दबाकर बैठ गई। मामला संज्ञान में आने के बाद नगर आयुक्त ने एसपी सिटी को फोन किया तो डेयरी संचालक बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। उस पर अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा डालने और आवागमन में बाधा पैदा करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।