बरेली। पंजाबी मार्केट संगठन के पदाधिकारियों ने शनिवार को नगर आयुक्त से मुलाकात कर मार्केट के पास खाली पड़ी जगह पर अवैध तरीके से पक्की दुकान बनाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों के मुताबिक वर्षों पहले रोड के पास खाली पड़ी जमीन पर दुकानदार पार्किंग करते थे लेकिन धीरे-धीरे वहां खोखा लगे और फिर पक्की दुकानें बना ली गईं। जिससे एक तरफ की रोड बंद होने से व्यापार चौपट हो रहा है। जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल मामले की जांच के निर्देश दिए। अतिक्रमण हटाओ टीम प्रभारी के नेतृत्व में नापजोख की गई तो वहां पर करीब नौ दुकानें अवैध तरीके से संचालित मिलीं। जिसकी रिपोर्ट टीम ने नगर आयुक्त को सौंप दी। बताते हैं कि दुकानों पर नियमानुसार कार्रवाई के आदेश मिले हैं।