बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के सात शिक्षक सालों से गायब हैं। अब तक इनके खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई नहीं की गई है। इन शिक्षकों के लंबे समय से गैरहाजिर रहने का अब जब मुद्दा उछला तो सोमवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उनके कार्रवाई के आदेश दिए। हाल ही में शहर के 43 ऐसे मामले भी सामने आए थे, जिनमें शिक्षकों ने खुद ही अपनी छुट्टी मंजूर कर ली थी। यानी ये शिक्षक खुद अपने रिपोर्टिंग ऑफिसर बनाकर अपनी छुट्टियां मंजूर करते रहे। सात शिक्षकों के सालों से गायब होने का मामला अफसरों के संज्ञान में न हो, यह मुमकिन नहीं है। सालों से अपने तैनाती स्थल से गायब इन शिक्षकों की सेवाएं अब तक जारी हैं। ऐसा बिना विभागीय अधिकारियों का वरद हस्त हासिल हुए संभव नहीं है। इस मामले को लेकर जब अधिकारियों की फजीहत होनी शुरू हुई तो उन्होंने तत्कालीन अधिकारियों पर दोष मढ़ दिया। हालांकि इस प्रकरण की जांच कराने से अधिकारी अब भी कतरा रहे हैं।
बीएसए विनय कुमार ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। जांच के आदेश दिए गए हैं।
ये शिक्षक हैं सालों से लापता
- भुता ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिमरा केशोपुर में तैनात सहायक अध्यापक शैली अग्रवाल आठ सालों से नदारद हैं, लेकिन इनकी सेवाएं अब तक बहाल हैं। कोई कार्रवाई भी इनके खिलाफ नहीं हुई है।
- नवाबगंज ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय परेवा सादात में तैनात सहायक अध्यापिका नीलम गंगवार भी वर्ष 2009 से विद्यालय नहीं आई हैं। इसके बाद से अब तक वह लगातार छुट्टी पर हैं।
- बहेड़ी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रूपपुर की सहायक अध्यापिका अनामिका सक्सेना बिना अवैतनिक अवकाश स्वीकृत कराए ही आठ साल से गायब हैं। हालांकि इनका वेतन रोक दिया गया है, लेकिन सेवाएं बहाल हैं।
- उच्च प्राथमिक विद्यालय ठिरिया निजावत खां में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात लक्ष्मी सक्सेना 2011 से अब तक छुट्टी पर हैं। इनके खिलाफ भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
- नवाबगंज ब्लॉक के वलीनगर स्कूल में तैनात शिक्षिका रीना गंगवार ने वर्ष 2014 में कुछ पारिवारिक दिक्कतों की वजह से छुट्टी ली थी, लेकिन फिर वह विद्यालय नहीं आईं। इसके बाद से अब तक विभाग को उनके बारे में कुछ पता नहीं है।
- सहायक अध्यापक राकेश कुमार की तैनाती दमखोदा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मगरी नवादा में है। वह 2018 से नदारद चल रहे हैं। विभाग के नोटिस देने पर भी अब तक स्कूल नहीं आए हैं। इनके खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
- आलमपुर जाफराबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय मलगांव में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात रेखा पांडे 2009 से छुट्टी पर हैं। इसके बावजूद उनकी सेवाएं बहाल हैं। विभाग आज तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सका है।