बरेली। जिले के 69 विद्यालयों ने कंपोजिट ग्रांट से मिले बजट को अब तक खर्च नहीं किया है। विद्यालयों की लापरवाही के चलते करीब 25 लाख 69 हजार 865 रुपये का बजट लैप्स होने की कगार पर है। यह पैसा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के लिए दिया गया था। इन विद्यालयों में कोई काम नहीं किया गया है। इसमें 14 ब्लॉकों समेत नगर क्षेत्र का कई विद्यालयों का नाम शामिल है।
बजट खर्च करने में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों में ज्यादातर विद्यालय नगर क्षेत्र के हैं। विभाग की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से जवाब मांगा है। बीएसए विनय कुमार का कहना है अभी आठ दिन बाकी हैं, सभी विद्यालयों को जल्द से जल्द ग्रांट खर्च करने के लिए नोटिस भेजा गया है।
इन विद्यालयों ने बरती लापरवाही- बहेड़ी के छह, नगर क्षेत्र के 17, भदपुरा का एक, भोजीपुरा के दो, भुता का एक, बिथरी का एक, दमखोदा के तीन, फरीदपुर के तीन, फतेहगंज पश्चिमी के आठ, क्यारा-मझगवां का एक-एक, मीरगंज के सात, नवाबगंज के तीन, रामनगर और शेरगढ़ का भी एक-एक विद्यालय शामिल है। संवाद
मूल्यांकन कार्य से गैरहाजिर 1017 शिक्षकों का रोका जाएगा वेतन
बरेली। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य केंद्रों पर लगातार चल रहा है। इस दौरान लगातार शिक्षक ड्यूटी से गैरहाजिर भी रह रहे हैं। बुधवार को भी गैरहाजिर 1017 शिक्षकों का वेतन काटने का आदेश दिया गया है। हालांकि बुधवार को मूल्यांकन कार्य कम समय तक चला। चारों केंद्रों का डीआईओएस सोमारू प्रधान और नोडल अधिकारियों ने निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम से भी लगातार केंद्रों की मॉनिटरिंग की जा रही है। ज्यादातर केंद्रों पर 26 से 27 मार्च तक मूल्यांकन कार्य पूरा किए जाने की संभावना जताई गई है। फिलहाल मूल्यांकन प्रक्रिया में जीआईसी आगे चल रहा है। संवाद