गुलड़िया। गौरी शंकर धाम जाने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए ब्लॉक प्रशासन ने रम्पुरा-गुलड़िया-सिरौली मार्ग पर कार्ययोजना लागू की है। सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार को 56 सफाई कर्मियों की टीम दो पालियों में तैनात रहेगी। टीमें कांवड़ियों समेत अन्य श्रद्धालुओं का सहयोग करेंगी। सड़क पर छुट्टा पशुओं के आने से रोकेंगीं।ग्राम कुंडरिया इकलसपुर से गौरी शंकर धाम तक दो-दो किलोमीटर के दायरे में कर्मचारियों की दो-दो सदस्यीय टोलियां गश्त करेंगी। पहली पाली सुबह 7:00 से दोपहर 1:00 बजे और दूसरी पाली दोपहर 1:00 से शाम 7:00 बजे तक होगी। कर्मियों की जिम्मेदारी सड़क पर छुट्टा पशुओं को आने से रोकने और कांवड़ियों को सहयोग देने की होगी। एडीओ पंचायत ने अधिकारियों व कर्मचारियों को रोस्टर जारी कर दिया है। क्षेत्र में छुट्टा पशु हादसों का कारण बने हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क से खदेड़े जाने पर पशु फसलों वाले खेतों में घुसेंगे। इससे किसानों को नुकसान की आशंका है। इस बाबत ब्लॉक मझगवां के बीडीओ भगवान दास वर्मा ने बताया कि सैकड़ों पशुओं को गोशाला भिजवाया जा चुका है। पशुओं को छुट्टा छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।