बिथरी चैनपुर। थाना क्षेत्र में रोहिला अस्पताल के नजदीक बदमाशों ने कार सवार दंपती से 55 हजार रुपये लूट लिए। दंपती ने अपने चालक पर ही लूटपाट कराने का आरोप लगाया है।
शहर के माधोबाड़ी निवासी जसवंत सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ कार से मैगलगंज गए थे। उनके चालक ने टोल के पास कार रोककर किसी से बात की। फिर भिंड औलिया के रोहिला अस्पताल के आसपास पहुंचा और कार की गति कम कर ली। उन्होंने पूछा तो चालक बोला कि कार की बैटरी काम नहीं कर रही है। वह बार-बार पीछे मुड़कर भी देख रहा था। उसी दौरान बाइक पर तीन बदमाश आए और उन्होंने आगे बाइक लगाकर उनकी कार रुकवा ली। चालक हिमांशु बाहर उतरकर खड़ा हो गया। इसी दौरान बदमाश रुपयों से भरा बैग लूटकर ले गए। बदमाशों ने उनकी पत्नी को थप्पड़ भी मारा। चालक ने उन्हें अपना मोबाइल भी दे दिया। उसके बाद बरेली की ओर भाग गए। जसवंत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद