बरेली। 64वें रेल सप्ताह में इज्जतनगर मंडल के 83 रेल कर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पदक, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। न्यू माडल कॉलोनी के मैत्री सामुदायिक केंद्र में हुए कार्यक्रम में डीआरएम दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि 2018-19 मंडल के लिए उपलब्धियों भरा रहा। 23 अप्रैल को पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर में हुए कार्यक्रम में इज्जतनगर और लखनऊ मंडल को संरक्षा, परिचालन, भंडार और विद्युत कार्यकुशलता शील्ड दी गई। लालकुआं स्टेशन को बी श्रेणी में सर्वोत्तम स्वच्छ स्टेशन की ट्राफी से नवाजा गया। कार्यक्रम में आशीष कुमार अग्रवाल, वीके गुप्ता, सीनियर डीएफएम अरविंद शर्मा समेत अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।