बरेली। यातायात के नियम तोड़ने पर बार-बार चालान के बाद भी दोपहिया वाहन चालक सुधर नहीं रहे हैं। नवंबर और दिसंबर 2023 में शहर में बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 712 दोपहिया वाहन चालकों के 10 बार तक चालान हो गए। फिर भी ये लोग नियम तोड़ने बाज नहीं आ रहे हैं। 509 लोगों ने जुर्माना भी अदा नहीं किया है।
यातायात पुलिस की रिपोर्ट पर परिवहन विभाग ने इनके ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निलंबित करने के साथ वाहन पंजीकरण भी निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तीन बार या इससे अधिक चालान पर डीएल निलंबित और वाहन का पंजीकरण निरस्त करने का प्रावधान है। परिवहन विभाग ने इन सभी वाहन चालकों को नोटिस दिया।
दीपांश का 10 और विशाल का नौ बार चालान
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के 722, जनकपुरी निवासी दीपांश माहेश्वरी की बाइक के 10 चालान हुए हैं। वहीं, बारादरी क्षेत्र के श्यामगंज में 541, सिकलापुर पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाले विशाल की बाइक के नौ बार चालान हुए हैं। दवा व्यापारी दीपांश का कहना है कि उनको चालान की जानकारी नहीं है। दोनों का चालान बिना हेलमेट बाइक चलाने पर हुआ है।
वर्जन-
यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन स्वामियों को नोटिस दिया है। ज्यादातर की पहचान हो गई है। ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया चल रही है। जुर्माना न देने पर वाहनों का पंजीकरण भी निरस्त किया जाएगा। - मनोज कुमार, एआरटीओ प्रशासन