बरेली। बीते 20 दिनों से शहर पर मंडरा रहे हल्के, घने बादल मंगलवार को छंटे। दाेपहर में पांच मिनट तक खंडवर्षा हुई, फिर दिन भर चटक धूप खिली रही। उमस का अहसास होता रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को भी तेज धूप निकलने का अनुमान जताया है। रात में मौसम बदल सकता है। अनुकूल माहौल बनने पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
20 जून को जिले में प्री-मानसून का आगाज हुआ था। उस दिन 2.3 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद बारिश का क्रम चलता रहा। 26 जून को 74.2, तीन जुलाई को 71.1, पांच जुलाई को 51.4, आठ जुलाई को 88.9 मिमी बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ अतुल के मुताबिक लगातार बारिश के बाद अब जिले में उच्च वायुदाब की स्थिति बनी है। लिहाजा, आसमान साफ रहा और धूप निकली। बुधवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।
दिन भर धूप होने से मंगलवार को अधिकतम तापमान भी चार डिग्री उछाल दर्ज कराते हुए 34.9 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। हालांकि, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। नमी का स्तर भी 90 फीसदी दर्ज किया गया।
ओपीडी में लगी कतार
सोमवार को सुबह से दोपहर तक तेज बारिश की वजह से ओपीडी में सामान्य दिनों के सापेक्ष छह सौ मरीज कम पहुंचे थे। मंगलवार को धूप निकली तो ओपीडी में 12 सौ मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इसमें बुखार, सर्दी-खांसी, आंखों में जलन, त्वचा संबंधी रोगों के मरीज ज्यादा रहे। ब्यूरो
मौसम इनपुट
34.9
24.0
धूप निकलेगी। हल्के घने बादल मंडराने के आसार हैं।
सूर्योदय 5:23
सूर्यास्त 7:13