बरेली। श्रीराम लीला सभा की ओर से 15 मार्च से बड़ी बमनपुरी स्थित लीला स्थल पर रामलीला का मंचन शुरू होगा। आगामी एक अप्रैल तक चलने वाली रामलीला अबकी बार सामाजिक सरोकारों को समर्पित रहेगी। गुुरुवार को नरसिंह मंदिर पर आयोजित प्रेसवार्ता में अध्यक्ष अतुल कपूर ने बताया कि रामलीला में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश मंच से दिया जाएगा। साथ ही सभा बेटियों की शिक्षा एवं विवाह कार्य में भी आर्थिक मदद देगी। बताया कि शहीदों को समर्पित रामलीला में नाट्य कलाकार दुश्मन को परास्त करने के लिए एकजुटता का संदेश देंगे। बताया कि कौमी एकता और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक धर्म के गण्यमान्य व्यक्ति को सम्मान से नवाजा जाएगा। प्रेसवार्ता में महामंत्री राधा कृष्ण शर्मा, इंद्रदेव त्रिवेदी, अमित अरोड़ा, सुनील मिश्रा आदि मौजूद रहे।