बरेली। मेयर उमेश गौतम और पार्षद विपुल लाला का विवाद एक बार फिर पार्टी में क्षेत्र और प्रदेश स्तर के नेताआें तक पहुंच गया है। मेयर उमेश गौतम ने सोमवार को हुए हंगामे की जानकारी बृज क्षेत्र और प्रदेश के पदाधिकारियों को दी। मेयर ने विपुल लाला द्वारा लगातार अनुशासनहीनता का आरोप लगाकर कार्रवाई कराने की बात कही है। मेयर का कहना है कि पार्षद के निष्कासन के लिए वह पहले ही पत्र लिख चुके हैं। वहीं दूसरी ओर सोमवार को मेयर द्वारा दिए गए बयान पर पार्षद विपुल लाला ने प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि अगर मेरी कमाई के साधन अनुचित हैं तो फिर उचित किसके हैं? इस बारे में वह मेयर को पत्र लिखकर पूछेंगे। वहीं इस मामले को लेकर उन्होंने भी पार्टी नेतृत्व से शिकायत करने की बात कही है। बता दें कि मेयर उमेश गौतम और पार्षद विपुल सक्सेना के बीच शपथग्रहण समारोह से ही ठनी हुई है। शपथग्रहण में पार्षद ने शपथ ठीक ढंग से न दिलाने के आरोप लगाए थे। कार्यकारिणी के सभी चुनावों में भी विपुल लाला ने मेयर एवं संगठन की मर्जी के विरुद्ध आवेदन किए, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया। इसके अलावा मेयर के प्रस्तावों पर भी विपुल लाला बोर्ड मीटिंग में विरोध करते रहे हैं।