बरेली। अमर उजाला की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित अमर उजाला क्रिकेट लीग के बुधवार को हुए फाइनल मैच में एसआर इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने सेंट फ्रांसिस स्कूल को नौ विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा किया। डोरीलाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही क्रिकेट लीग में इससे पहले हुए सेमीफाइनल मैच में एसआर ने जीआरएम को हराया। ओम अग्रवाल खिताबी मुकाबले के मैन आफ द मैच रहे। मैन ऑफ दि सिरीज का खिताब एसआर के ही निखिल सक्सेना को मिला। इसके अलावा एसआर के आकाश को बेस्ट बैट्समैन और सेंट फ्रांसिस के शिवम को बेस्ट फील्डर का खिताब दिया गया।