शारदीय नवरात्र के चौथे दिन मां कुष्मांडा का श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजन कर सुख समृद्धि की कामना की। शहर के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में तड़के से ही मां के दर्शन को भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को भजन कीर्तन का सिलसिला शुरू हु़आ। मंदिरों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से ‘जहां ले चलो मां वहीं मैं चलूंगी’, ‘कदम कदम पर साथ है मैया तुम्हारा’, ‘कभी तो मेरे घर आना मेरी शारदे भवानी’ आदि भजन सुनाए। इस दौरान ढोलक की थाप और मंजीरे की झंकार पर श्रद्धालु थिरकते रहे। कालीबाड़ी में विधि विधान से शाम को मां की आरती उतारी गई। सुभाषनगर में श्री हरे राम ग्वाल सेवा समिति की महिला मंडली ने भजन और कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया। महाआरती सेवा समिति ने मां ज्वाला देवी की दिव्य ज्योति से माता की विधि विधान से आरती उतारी।