बरेली। आयुक्त सभागार में बुधवार को कमिश्नर सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए करार की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जेबीसी) संबंधी तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक हुई। इसमें मंडल के चारों जिलों से 11,105 करोड़ के 414 इकाइयों के संचालन की जानकारी दी गई।
संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला ने बताया कि बरेली मंडल में 1103 करार हुए थे। इसमें 53,513 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसमें 414 इकाइयां संचालित हैं और जीबीसी के लिए तैयार हैं। 343 इकाई जो 29,113 करोड़ रुपये का निवेश होना है, जल्द शुरू हो जाएंगी। 12,889 करोड़ रुपये का निवेश करने वाली 343 इकाइयों के संचालन में भूमि, ऋण उपलब्धता, धारा-80 आदि समस्याएं हैं।
कमिश्नर ने निवेशकों की समस्याएं दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही, शिथिलता पर कार्रवाई को कहा है। जो निवेशक अब करार के लिए तैयार नहीं हैं, उनके प्रोजेक्ट निरस्त कराने के लिए इनवेस्ट यूपी को भेजने को कहा। बैठक में बेसिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारी अनुपस्थित होने पर जवाब तलब के निर्देश दिए गए। पर्यटन से जुड़े आठ प्रोजेक्ट को भी जीबीसी में शामिल करने को कहा।
बीडीए वीसी को समस्या समाधान के निर्देश
बैठक में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से संबंधित कई समस्या होने पर बीडीए वीसी को समाधान के निर्देश दिए। फरीदपुर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण के लिए कहा। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, बीडीए सचिव योगेन्द्र कुमार, उप निदेशक पशुपालन ललित वर्मा, उद्यमी मित्र, नोडल विभागों के मंडल स्तरीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।