बरेली। प्रभारी डीएम और सीडीओ सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित करने को लेकर विकास भवन में मीटिंग हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 16 से 24 जुलाई तक दिव्यांगों का परीक्षण किया गया था। उनके लिए अब 27 फरवरी को सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन 27 फरवरी को देवचरा बाजार मैदान, भमौरा में होगा। कार्यक्रम को लेकर एसडीएम आंवला को निर्देशित किया गया है कि शिविर स्थल पर समुचित व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी जाए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आंवला को निर्देश दिए गए कि शिविर स्थल पर तीन पानी के टैंकों तथा दिव्यांगजनों के लिए शौचालय की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा कई दूसरे अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक दीक्षित, एआरटीओ उदयवीर सिंह सहित कई बीडीओ मौजूद रहे।