बरेली। जन्माष्टमी पर मंदिरों में सजाए गए कान्हा की छटा देखते ही बन रही थी। हर कोई कान्हा की एक झलक पाने को बेताब दिखा। कान्हा को सजाने के लिए मंदिर समितियों ने खास इंतजाम किए। अबकी बार श्री हरि मंदिर में वृंदावन से कान्हा के लिए खास नीलांबर वस्त्र मंगाए गए। करीब एक लाख रुपये की इस पोशाक की खूबसूरती देखते ही बनती है। मंदिर कमेटी के सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि वृंदावन में कान्हा की पोशाक बनाने वाले कारीगर से यह वस्त्र विशेष तौर पर बनवाए गए थे। नगों और आर्टिफिशियल मोतियों से पोशाक पर कढ़ाई की गई है। श्री बांके बिहारी मंदिर में भी कान्हा और राधा को पीतांबरी पोशाक पहनाकर महाशृंगार किया गया है। मंदिर कमेटी के जगदीश भाटिया ने बताया कि करीब एक लाख रुपये की यह पोशाक गोवर्धन से मंगाई गई है। पोशाक के लिए श्रद्धालुओं ने सहयोग किया। अन्य मंदिरों में भी कान्हा की पोशाक 20 हजार से 50 हजार रुपये तक की थी।