बरेली। खंडेलवाल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में रविवार नवम दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसमें रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह, इंडियन ग्लाइकोस लिमिटेड दिल्ली के अध्यक्ष प्रोफेसर आरके खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से मेधावियों को स्वर्ण पदक और अन्य विद्यार्थियों को उपाधियां वितरित कीं। साथ ही, कड़ी मेहनत से सफलता हासिल करने का मंत्र दिया।
केसीएमटी परिसर में आयोजित समारोह में एमबीए, एमसीए, बीबीए, बीसीए, बीकॉम, बीएससी, बीएड, एमएड के विद्यार्थी बड़ी तादाद में मौजूद रहे। समारोह शुभारंभ के बाद संकायवार 28 मेधावियों को स्वर्ण पदक से नवाजा गया। इसके बाद विभिन्न विभाग के 450 विद्यार्थियों को उपाधियां वितरित की गईं। कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने विद्यार्थियों को नई शिक्षा पद्धति के बारे में जानकारी दी। कहा कि भविष्य प्रौद्योगिक एवं शोध अनुसंधान का होगा। इसलिए युवाओं को अब नया सोचने और करने की जरूरत है। साथ ही, भारत की गरिमामयी संस्कृति को विश्व पटल पर पहुंचाने के लिए सभी से सहयोग की बात कही।
प्रोफेसर आरके खंडेलवाल ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। मेहनत ही सफलता की कुंजी है। इस दौरान संस्थान के चेयरमैन गिरधर गोपाल, प्रबन्ध निदेशक डॉ. विनय खंडेलवाल, देवेन्द्र खंडेलवाल, महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. आरके शर्मा, डॉ. एनएल शर्मा, प्राचार्य डॉ. आरके सिंह, प्रशासनिक अधिकारी राकेश चतुर्वेदी समेत अन्य प्रवक्ता मौजूद रहे।