बरेली। डीएम आवास के पास से एक कार का लॉक तोड़कर ढाई लाख रुपये उड़ा लिए गए। मंगलवार दोपहर के वक्त हुई घटना के बाद पुलिस हरकत में आई तो आसपास के सीसीटीवी चेक किए गए। हालांकि, शाम ढले तक कोई नतीजा नहीं निकल सका।
भोजीपुरा के गांव चौपारा निवासी तस्लीम के मुताबिक उन्होंने मुंशी नगर में एक मकान का सौदा किया है। मकान की रजिस्ट्री कराने के लिए तस्लीम अपनी कार से शहर आए थे। उन्होंने बैनामा के लिहाज से ढाई लाख रुपये एक जगह से लिए थे। फिर वह कचहरी पहुंचे। वहां काफी भीड़ थी तो उन्होंने डीएम आवास के सामने बैंक के पास अपनी कार खड़ी कर दी। कार को लॉक किया और वकील का मोबाइल नंबर लेकर स्टांप खरीदने की बात करने चले गए।
तस्लीम के मुताबिक थोड़ी ही देर में वह लौट आए। इतनी देर में उचक्कों ने कार का लॉक तोड़कर डैशबोर्ड के नीचे पॉलीथिन में रखे ढाई लाख रुपये उड़ा दिए। उन्होंने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव व इंस्पेक्टर कोतवाली डीके शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी चेक किए।
तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - पंकज श्रीवास्तव, सीओ प्रथम
वारदात के बाद चलाया वाहन हटाओ अभियान
कार से रुपये निकालने की घटना के बाद एसपी ट्रैफिक शिवराज के नेतृत्व में वाहन हटाओ अभियान चलाया गया। एसपी ट्रैफिक ने अपने स्टाफ के साथ ही कोतवाली पुलिस को चेतावनी दी कि दोबारा यहां टेंपो या अन्य वाहन खड़े मिले तो चालान कर दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक के साथ सिटी मजिस्ट्रेट ने वकीलों से बात की।