बरेली। लोकसभा चुनाव को लेकर मुस्लिम धर्मगुरु भी मतदान की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में शिया जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद इमामे जुमा मौलाना शम्सुल हसन खां ने नमाजियों से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है और हमारी जिम्मेदारी भी है। इसलिए सारे काम छोड़ कर सबसे पहले मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। छीपी टोला की छोटी मस्जिद में भी इमाम मौलाना नूरुल हसन जैदी सेंथली ने लोगों से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस को छुट्टी का दिन समझ कर घर में न बैठें। देश के बेहतर भविष्य के लिए मतदान कर लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें।