बरेली। पीएसी के रिक्रूट आरक्षियों द्वारा प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। बहराइच से बीते वर्ष 25 जुलाई को आठवीं वाहिनी पीएसी में कुल 301 प्रशिक्षु नागरिक पुलिस के प्रशिक्षण के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ परेड से हुआ जिसमें कुल 12 टुकड़ियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में पहला स्थान पाने वाले 25 प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। प्रशिक्षुओं द्वारा परिसर को भी बड़े मन मोहक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीजी प्रेम प्रकाश रहे। साथ ही डीआईजी राकेश कुमार पांडेय, एसएसपी मुनिराज जी., एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार शामिल हुए। परेड आठवीं वाहिनी पीएसी की सहायक सेनानायक इंदु प्रभा सिंह के निर्देशन में सूबेदार मेजर सतीश कुमार जोशी, सहायक शिविर पाल चंदन राम आदि ने संपन्न कराई।