बरेली। इंटर यूनिवर्सिटी स्तर की प्रतियोगिता में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की झोली में चौथा मेडल आया है। कर्नाटक की मंगलौर यूनिवर्सिटी में चल रही इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप से रुहेलखंड विश्वविद्यालय की सलोनी ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता। सलोनी आर्य खजानो देवी कॉलेज बिजनौर की छात्रा हैं। सलोनी ने विश्वविद्यालय कैंपस में हुई अंतर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीता था। इससे पहले विश्वविद्यालय के एसपी डिग्री कॉलेज के अजीत सिंह ने वेट लिफ्टिंग में कांस्य पदक जीता था। उससे पहले दो खिलाड़ियों ने कुश्ती में विश्वविद्यालय को मेडल दिलाया। क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एके जेटली ने सिल्वर मेडल जीतने पर सलोनी को मुबारकबाद दी।