तेज गति से जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस के ब्रेकशू जाम होने से उससे धुआं निकलने लगा। इससे हड़कंप मच गया। बिलपुर स्टेशन मास्टर ने वाकी-टाकी से ड्राइवर को सूचना दी। इस पर ड्राइवर ने बहगुल नदी के पुल के पास ट्रेन रोक ली। ट्रेन वहां 40 मिनट खड़ी रही। इस दौरान डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन ठप रहा। नई-दिल्ली से राजगीर जाने वाली श्रमजीवी सुपर फास्ट बृहस्पतिवार शाम छह बजे बिलपुर से गुजर रही थी। इंजन के सेफ्टी लॉक अचानक जाम हो जाने से ट्रेन के इमरजेंसी ब्रेक लग गए। इससे गर्म होकर ब्रेकशू से धुआं निकलने लगा। यह देखकर स्टेशन मास्टर ने वाकी-टाकी से ड्राइवर को सूचना दी। श्रमजीवी के ड्राइवर ने बताया कि इंजन का सेफ्टी ब्लॉक अचानक लॉक होने सेइमरजेंसी ब्रेक लग गए थे। ड्राइवर ने ब्रेकशू ठीक किए। इस दौरान ट्रेन करीब करीब 40 मिनट खड़ी रही। इस दौरान बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस, मुगलसराय, जनसेवा, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें बिलपुर, पीतांबरपुर, टिसुआ, बरेली कैंट आदि स्टेशनों पर खड़ी रहीं।