बरेली। होली मनाने पैत्रक घर गए एक बैंक कर्मी के घर से चोरों ने लाखों का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने थाना कैंट में घटना की तहरीर दी है।
कैंट क्षेत्र की राजीव कालोनी निवासी भुवनेश्वर विकल एचडीएफसी बैंक में सेल्स आफीसर है। भुवनेश्वर अपनी मां के साथ फरीदपुर के गांव लौंगपुर स्थित अपने पैत्रक घर गए हुए थे। भुवनेश्वर ने बताया कि शनिवार दोपहर जब वह घर लौटे तो मेन गेट और स्टोर रूम वाले कमरे का ताला टूटा मिला। आरोप है कि चोर शुक्रवार रात घर के ताले तोड़कर सोने की चूड़ियां, अंगूठी व अन्य जेवर और नकदी समेत करीब पांच लाख का समान ले गए। उन्होंने बताया कि इन दो तालों के अलावा बाकी सारा समान यथावत था। कालोनी में ही रहने वाले उनके भांजे ने शुक्रवार दोपहर घर की स्थिति सामान्य होने की सूचना दी थी। उन्हें चोरी में किसी जानपहचान के व्यक्ति के शामिल होने की आशंका है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच पड़ताल की। मामले की जांच की जा रही है।