बरेली। बरेली कॉलेज में मानदेय शिक्षकों को नियमित होेने पर नियुक्ति पत्र न देने को लेकर विवाद और बढ़ गया है। बरेली कॉलेज शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि कार्यभार ग्रहण नहीं कराया तो संगठन कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल देगा। दरअसल, प्रदेश के तमाम अनुदानित कॉलेजों में लंबे समय से पढ़ा रहे मानदेय शिक्षकों को स्थायी किया गया है। बरेली में दस शिक्षक हैं। इनकी कागजी कार्रवाई तो पूरी हो गई है, लेकिन कॉलेज ने नियुक्ति पत्र नहीं दिए हैं। शनिवार को शिक्षकों ने काफी हंगामा भी किया था। रात तक धरने पर बैठे रहे। बताया जा रहा है कि अब प्राचार्य भी अवकाश पर चले गए हैं। ऐसे में शिक्षकों की नियुक्ति अधर में लटक गई है। शिक्षक संघ के महासचिव डॉ. वीपी सिंह ने कहा कि शिक्षकों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया तो उनका दावा निरस्त हो जाएगा। कॉलेज प्रशासन की लापरवाही से इन शिक्षकों को नुकसान उठाना पड़ सकता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को कार्यभार ग्रहण नहीं किया तो संगठन आंदोलन करेेगा।