बदायूं। महिला अस्पताल में शनिवार को एक नवजात की मौत पर परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। शहर कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी विकार ने दो दिन पहले अपनी पत्नी शाइस्ता को महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसी दिन उनकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया था। आरोप है कि डॉक्टरों ने बेटे का स्वास्थ्य ठीक बताया था, जिस पर परिवार वाले बच्चे को घर ले गए। शनिवार दोपहर बच्चे की हालत बिगड़ गई। इस पर परिवार वाले बच्चे को महिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। उसके बाद परिवार वालों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर परिवार वालों को शांत किया। परिवार वालों ने देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी थी। ब्यूरो