बरेली। इंक्वायरी बाबू जो न करें कम हैं। रद्द ट्रेनों को राइट टाइम लिखना फिर एक घंटे पहले ट्रेन के न आने की घोषणा करना उनकी आदत में शुमार हो गया है। इधर कोहरे की वजह से ट्रेनों के लेट आने का सिलसिला लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को गुवाहटी से लालगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस दस घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। इसके अलावा दून एक्सप्रेस चार घंटे, सियालदह एक्सप्रेस दो समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंची। इधर रेलवे ने कोहरे की वजह से राज्यरानी एक्सप्रेस, जनता, मुगलसराय, डबलडेकर, जनसेवा, वाराणसी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक रद्द कर दी हैं। रद्द ट्रेनों की जानकारी कुछ ही इंक्वायरी बाबुओं को है। बृहस्पतिवार को इंक्वायरी बाबू ने डबलडेकर एक्सप्रेस राइट टाइम लिखा लेकिन एक घंटा पहले इंक्वायरी बोर्ड पर रद्द लिख दिया। इसकी शिकायत यात्रियों ने स्टेशन मैनेजर सत्यवीर सिंह से की।