एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एमएससी के पेपर में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। एमएससी चौथे सेमेस्टर का पेपर शिक्षकों ने तीसरे सेमेस्टर के सिलेबस से बना दिया। जब छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए दिया गया तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसका विरोध किया और परीक्षा देने से ही मना कर दिया। इस पर विश्वविद्यालय ने परीक्षा स्थगित कर दी। मामला जब सामने आया तब फिजिक्स विभाग के शिक्षक मामले को दबाने में जुट गए। छात्रों को शांत कराकर मामला विश्वविद्यालय प्रशासन तक नहीं जाने दिया गया। अब परीक्षा की तिथि तय न होने पर छात्रों ने विरोध किया और अधिकारियों से शिकायत की। छात्रों ने बताया कि एमएससी चौथे सेमेस्टर में एडवांस सॉलिड स्टेट फिजिक्स के सिलेबस से पेपर आना था, लेकिन पेपर तीसरे सेमेस्टर का दे दिया। छात्रों ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षा निरस्त की गई। अब गुरुवार को परीक्षा की तिथि जारी की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा मामला नहीं आया है। विभाग से पूछा जाएगा। अगर गड़बड़ी हुई तो संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।