बरेली। जिला अस्पताल में गुरुवार को ‘मेरिकल क्लब फुट’ पर गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें विशेषज्ञों ने हड्डी को जोड़ने के लिए किए जाने वाले प्लास्टर के तरीके के बारे में जानकारी दी। उद्घाटन एडीएसआईसी डॉ. केएस गुप्ता और लखनऊ से आए डॉ. आरए अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने बताया कि मेरिकल क्लब फुट टेढ़ी हड्डियों को सही करने में बेहद कारगर है। इससे दिव्यांगता को नियंत्रित कर सकते हैं। उन्होंने वार्ड ब्वॉय को भी पट्टी खोलने और बांधने की जानकारी दी। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि कई बच्चों में पैदा होते ही पैर की हड्डी टेढ़ी होने की समस्या होती है। इसका सही समय पर इलाज करने से बगैर ऑपरेशन ठीक किया जा सकता है। एडीएसआईसी ने जिला अस्पताल में मेरिकल क्लब फुट की सुविधा शुरू होने की जानकारी दी। बताया कि मंगलवार और गुरुवार को इलाज होता है। इस दौरान डॉ. शिवदत्ता, डॉ. दिनेश गंगवार समेत अन्य डॉक्टर व स्टाफ मौजूद रहा।