बरेली। लोकसभा चुनाव में बरेली और पीलीभीत सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी ने 20 नेताओं को चुनाव व्यवस्था संभालने के लिए नामित किया है। इसमें बरेली एवं आसपास के जिले के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। मगर इस सूची में उन नेताओं को भी व्यवस्था में लगा दिया गया है, जो लोकसभा चुनाव में टिकट के दावेदार हैं। इसको लेकर पार्टी नेताओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सपा-बसपा गठबंधन में लोकसभा चुनाव के लिए पीलीभीत, बदायूं और बरेली सीटें सपा के खाते में आई हैं। बदायूं से धर्मेंद्र यादव का लड़ना लगभग तय है, लेकिन बरेली एवं पीलीभीत के लिए प्रत्याशी अभी तय नहीं हो सके हैं। बरेली सीट पर नौ और पीलीभीत के लिए चार लोगों ने दावेदारी की है।