बरेली। अंडरपास बनाने को लेकर बरेली-चंदौसी सेक्शन छह घंटे ठप रहा। दिन में जंक्शन आने-जाने वाली पैसेंजर ट्रेनें नहीं चली। नंगलडैम से जंक्शन आने वाली बरेली दिल्ली एक्सप्रेस चंदौसी से ही मुरादाबाद की ओर टर्मिनेट कर दी गई। जंक्शन पर यात्री ट्रेन का इंतजार करते रह गए। उन्होंने टिकट वापस करके यात्रा रद कर दी। रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने करेंगी और बिशारतगंज में दो अंडरपास बनाने का काम शुरू किया। सुबह 8.30 बजे से दो बजे तक करेंगी और 8.55 से 2.55 तक बिशारतगंज स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया। मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर और दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेनें मुरादाबाद से ही नहीं चली, जबकि जंक्शन से चलने वाली बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर और बरेली-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेनों का जंक्शन से संचालन नहीं हुआ। दोपहर 1.15 पर जंक्शन पहुंचने वाली बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस को चंदौसी से ही टर्मिनेट कर दिया गया। प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इंक्वायरी ऑफिस से यात्रियों को डेढ़ बजे ट्रेन के न चलने की सूचना प्रसारित हुई तो उन्होंने टिकट वापस कर यात्रा रद कर दी। सबसे ज्यादा दिक्कत चंदौसी जाने वाले यात्रियों को हुई। टिकट वापसी में उनके तीस रुपये कट गए, जबकि चंदौसी का टिकट केवल चालीस रुपये का है।