बदायूं। शहर में स्थित दो आंबेडकर पार्कों के सौंदर्यीकरण को शासन ने 47 लाख रुपये जारी किए हैं। जल्द ही दोनों पार्कों में काम शुरू हो जाएगा।
शहर में जिला अस्पताल और गद्दी चौक पर आंबेडकर पार्क हैं। दोनों की स्थिति बेहद दयनीय है। आंबेडकर जयंती पर नगर पालिका परिषद को इनकी सुध आती है। इस साल आंबेडकर जयंती के मौके पर पहुंचे शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता से लोगों ने दोनों पार्कों के सौंदर्यीकरण की मांग की थी। तब विधायक ने आश्वासन दिया था कि वह नगर विकास विभाग से दोनों पार्कों के सौंदर्यीकरण को धनराशि दिलाएंगे। उन्होंने नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को एक पत्र देकर पार्कों के सौंदर्यीकरण को धनराशि दिलाने की मांग की थी। गुरुवार को विधायक श्री गुप्ता ने बताया कि उनकी मांग पर शासन ने जिला अस्पताल औैर गद्दी चौक स्थित आंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण को 47 लाख की धनराशि अवमुक्त कर दी है। जल्द ही दोनों पार्कों में लाइट आदि का काम शुरू हो जाएगा।