बरेली। छात्र अक्सर अपनी रुचि और कौशल के हिसाब से कॅरियर का चुनाव नहीं कर पाते। अभिभावक कई बार बच्चे की काबलियत की जगह अपने सपने को महत्व देते हैं। बारहवीं के बाद कॅरियर का सही चुनाव बेहद जरूरी है। इसमें अमर उजाला आपकी मदद करेगा। अमर उजाला और राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट मिलकर छात्रों के लिए साइकोमेट्रिक असेसमेंट कॅरियर टेस्ट (पैक्ट) शुरू किया है। शनिवार को पीलीभीत पूरनपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में यह टेस्ट आयोजित हुआ। इसमें कक्षा 12 विज्ञान के छात्रों ने प्रतिभाग किया। यह टेस्ट मनोचिकित्सक प्रोफेसर डॉ. ब्रूटा ने तैयार किया है। दसवीं और बारहवीं में छात्र कॅरियर को लेकर असमंजस में रहते हैं। ऐसे में पैक्ट छात्रों को उनकी रुचि, कौशल और क्षमता को जानने में मददगार साबित होगा। राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट का कहना है कि टेस्ट में छात्र की रुचि और एप्टीट्यूड दोनों की परख करता है। इन दोनों के उपयुक्त होने पर ही छात्र आगे अपने कॅरियर के लिए सही स्ट्रीम का चयन बेहतर ढंग से कर पाएंगे। पहले टेस्ट के नतीजे के आधार पर दूसरा टेस्ट होगा जो विद्यार्थियों की एप्टीट्यूड की समग्र जांच करेगा।