ट्रांसपोर्ट, कूड़ा प्रबंधन पर खर्च होंगे सौ करोड़
बरेली। शहर जैसी सुविधाओं के लिए चयनित 13 ग्राम पंचायतों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कूड़ा प्रबंधन सहित कई कामों पर सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों से प्रस्ताव देने के निर्देश दिए हैं। श्याम प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन योजना में बिथरी चैनपुर ब्लॉक की 13 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इनमें उड़ला जागीर, फरीदापुर इनायत खां, भिडौलिया, गोपालपुर नगरिया अनूप, नरियावल, पदारथपुर, परातासपुर, बिथरी चैनुपर पुरनापुर, उदयपुर जसरथपुर, सिमरा अजूबा बेगम, परसौना और आलमपुर गजरौला शामिल हैं। इन गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कस्टमर केयर सेंटर, स्ट्रीट लाइट सहित कई काम होंगे। डीएम ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से लिए केंद्र सरकार से 30 करोड़ का बजट आ गया है। चयनित गांवों में जल्द काम शुरू होंगे। संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह डीपीआर तैयार कर लें।