‘निजी स्कूलों के जारी नए शासनादेश का होगा विरोध’
बरेली। बेसिक शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने निजी स्कूलों के लिए जारी नए शासनादेश को शत प्रतिशत लागू करने में असमर्थता जताते हुए उसका पुरजोर विरोध का निर्णय लिया है। रविवार को सिटी स्टेशन रोड स्थित मुकेश पब्लिक एकेडमी में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के महामंत्री पंकज कुमार सक्सेना ने बताया कि आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए दो सौ से अधिक स्कूल के संचालक और प्रिंसिपल महासम्मेलन का आयोजन करेंगे। अवनींद्र सक्सेना ने दो जुलाई को महासम्मेलन के आयोजन की जानकारी दी। साथ ही, धरना प्रदर्शन कर शासनादेश को संशोधित कराए जाने की बात कही। अभय भटनागर व रिंकेश ने बताया कि नए शासनादेश के तहत विद्यालय के भवन का सोसायटी के नाम होना, महायोजना में विद्यालय के नाम होना, स्वीकृत मानचित्र, भवन नेशनल बिल्डिंग कोड के अनुरूप, दिव्यांगों के लिए रैंप, 180 वर्ग फीट का कमरा होना, प्रधानाध्यापक, कार्यालय, स्टाफ व पुस्तकालय के लिए एक-एक कक्ष होना, क्रीड़ा स्थल समेत समेत सिक्योरिटी मनी की दर में बढ़ोतरी की गई है। जिन्हें शत प्रतिशत पूरा करना बेहद कठिन है। इसलिए उन्होंने शासनादेश को संशोधित करने की मांग की है।