बरेली। चौपुला और दुर्गानगर में बीएसएनएल की भूमिगत केबल लाइन कटने से नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। तमाम लोग इससे प्रभावित हैं।
गुरुवार दोपहर सड़क किनारे हो रही अवैध बोरिंग से बीएसएनएल की भूमिगत लाइन क्षतिग्रस्त हो गईं। इसकी शिकायत करने पर भी एसडीओ ने कोई कार्रवाई नहीं की। तमाम टेलीफोन नंबर, इंटरनेट सिस्टम और बैंकिंग कामकाज प्रभावित हो गया है। एक्सचेंज से जुड़ी अन्य सेवाएं भी अस्तव्यस्त हो गई हैं। इसके अलावा चौपुला चौराहा और आसपास सेतु निगम ठेकेदारों ने बिना किसी सूचना के खुदाई की, इससे केबल नेटवर्क ध्वस्त हो गया। इस मनमानी से टेलीफोन लाइनों के साथ ही बैंकिंग प्रणाली भी ठप हो गई है। केबल कटने से चौपुला मार्ग स्थित सभी बैंकों में लेनदेन नहीं हो पा रहा है। प्रभावित बैंक ग्राहक विनय कुमार ने बताया कि उनका खाता विजया बैंक में है, उनसे अन्य शाखा में कैश जमा करने और लेनदेन करने कहा गया है। बैंक प्रबंधक ने ग्राहकों से कहा कि बीएसएनएल संचार प्रणाली प्रभावित होने से बैंकिंग कार्य नहीं हो पा रहा है। बीएसएनएल के महाप्रबंधक चरण सिंह ने बताया कि चौपुला और आसपास सेतु निगम ने केबल काट दी है, इससे हजारों लाइनें प्रभावित हो गईं है। चौपुला चौराहा से सभी दिशाओं के साथ ही मुख्य टेलीफोन एक्सचेंज की लाइनें जाती हैं। नेटवर्क सही करने की कवायद कर रहे हैं। ब्यूरो