बरेली। श्रीगुरु नानक गर्ल्स रिखी सिंह कॉलेज में 21 मई से चल रहे गुरमत समर कैंप का शनिवार को समापन हो गया। समापन पर गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह नगर में गुरमत समर कैंप का आयोजन हुआ। इसमें करीब 350 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों को पंजाबी भाषा का ज्ञान, पगड़ी बांधना, ड्राइंग-पेंटिंग, पॉट्री, स्पोर्ट्स, मार्शल आर्ट्स और संगीत गायन, वादन व अन्य विषयों में प्रशिक्षण दिया गया। कैंप के मनमीत सिंह ने बताया कि आखिरी दिन बच्चों ने गुरुद्वारा साहिब के सभी नियमित कार्यों जैसे सोदर रहिरास साहिब पाठ, कीर्तन, कविता, वार्तालाप, कवीशरी, अरदास, हुकुमनामा अरदास और गुरु ग्रंथ साहिब सुखासन की सेवा, प्रसाद बांटने की सेवा समेत अन्य कार्य किए। बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य अगली पीढ़ी को गुरबाणी व इतिहास से रूबरू कराना था। मंच का संचालन करनदीप सिंह ने किया। यहां गुरदीप सिंह, तनु प्रीत कौर, हरमीत सिंह, मनप्रीत सिंह, अमनदीप कौर व अन्य का सहयोग रहा।