बरेली। पिछले दिनों शासन की ओर से विद्यालयों में चोरी होने के मामलों पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने पर आपत्ति जताने के बाद अब विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतर्क हो गए हैं। स्कूलों में चोरी की घटना पर वे तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराकर चोरी हुए संबंधित सामान बरामदगी की मांग बीएसए से कर कर रहे हैं। हाल ही में बिथरी चैनपुर प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने ताला तोड़कर अभिलेख और स्टेबलाइजर उठा ले गए। इसकी सूचना पर प्रधानाध्यापक नरेश पाल सिंह ने संबंधित थाना में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। मामले पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष हरीश बाबू ने बताया कि विद्यालयों में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। ग्रीष्मावकाश शुरू हो गए हैं। विद्यालय एक जुलाई को खुलेंगे। ऐसे में करीब माह भर विद्यालय में चोरियों की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। उन्होंने संबंधित मामले में बीएसए से सुरक्षा के बाबत गार्ड आदि की तैनाती किए जाने की मांग की है।