बरेली। लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत देकर जनता ने एक बार फिर चौंका दिया। मोदी मैजिक के आगे खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल रहा। खुफिया विभाग की रिपोर्ट में भाजपा और गठबंधन को आधी-आधी सीटें मिलने के आसार जताए जा रहे थे। जबकि एक सीट पर कड़ी टक्कर का अनुमान था, लेकिन अबकी बार मंडल की पांचों सीटें भाजपा की झोली में चली गईं। मतदान के बाद खुफिया विभाग की ओर से जो रिपोर्ट तैयार की गई थी, उसमें बरेली और पीलीभीत की सीट भाजपा को मिलना बताया गया। आंवला और बदायूं सीट गठबंधन को मिलने की संभावना जताई गई थी। जबकि शाहजहांपुर सीट पर भाजपा और गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर होने का अनुमान लगाया गया था। खुफिया रिपोर्ट में जीत-हार के पीछे कुछ तर्क भी दिए गए थे। मगर चुनाव परिणाम खुफिया रिपोर्ट के एकदम उलट आए। जनता ने मंडल में गठबंधन को पूरी तरह नकार दिया। ब्यूरो