बहेड़ी। चुनावी दंगल समाप्त होने के बाद नतीजों को लेकर लोग कयास लगाने में जुट गए हैं। अब 23 मई को चुनावी नतीजे आने वाले हैं। तमाम चैनलों के एग्जिट पोल भी आ चुका है। इसके बाद से नतीजों की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। बरेली और पीलीभीत सीट पर सबकी निगाहें टीकी हुई हैं। सट्टा बाजार में भी सटोरिये इन सीटों पर बड़े-बड़े दांव लग रहे हैं। देर शाम लालकुंआ से बरेली जाने वाली ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों में नतीजों को लेकर चर्चा जोरों पर देखी गई। वहीं बसों में नतीजों को लेकर चर्चाएं आम हैं। चौराहे, चाय और पान की दुकानों पर जमा होने वाली भीड़ के बीच चुनावी नतीजों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एग्जिट पोल के नतीजों को किसी ने सिरे से खारिज किया तो किसी ने उसे सही ठहराया। बार हाउस में चुनाव के नतीजों को लेकर कुछ वकीलों के बीच तीखी बहस होते देखी गई। ट्रक यूनियन एसोसिएशन पर भी कुछ पदाधिकारी गठबंधन की सीटों के ज्यादा आने का दावा करते मिले।