बरेली/बिशारतगंज। ट्रैक खाली न होने पर स्टेशन मास्टर ने दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेन को दो घंटे तक बिशारतगंज स्टेशन पर रोके रखा। यात्री कुछ देर तक तो ट्रेन चलने का इंतजार करते रहे, लेकिन एक घंटा गुजरने के बाद भी सिग्नल नहीं हुआ तो वे असहज होने लगे। दिल्ली-बरेली पैसेंजर ट्रेन बुधवार दोपहर 12:30 बजे बिशारतगंज स्टेशन पर पहुंची थी, लेकिन रामगंगा में मालगाड़ी खड़ी होने और बरेली में भी लाइन खाली न होने की वजह से उसे वहीं रोक दिया गया। दो मालगाड़ी और दो सवारी गाड़ी गुजारने के बाद पौने तीन बजे ट्रेन को बरेली के लिए रवाना किया गया। इससे यात्री बेहद परेशान रहे।