बरेली। तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव के लिए 21 अप्रैल रविवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। चुनाव आयोग के नियमों के तहत निर्धारित समय के बाद कोई भी प्रत्याशी रैली, जनसभा, भाषण या रोड शो नहीं कर सकेगा। प्रचार गाड़ियां भी दौड़ लगाना बंद हो जाएंगी। केवल घर-घर जाकर शांतिपूर्वक वोट मांगने की इजाजत होगी। प्रशासन की तरफ से सभी प्रत्याशियों को आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन न करने के सख्त निर्देश दे दिए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि प्रचार समाप्ति के बाद निगरानी के लिए तमाम टीमें बनाई गई हैं। इसमें मानीटरिंग टीम, उड़नदस्ते और वीडियोग्राफी टीमें इस पर कड़ी निगरानी करेंगी। इन टीमों को कोई भी प्रत्याशी प्रचार करते हुए दिखाई देगा तो वे आचार संहिता के उल्लंघन के तहत कार्रवाई करेंगी। प्रत्याशियों ने इसे देखते हुए रविवार की शाम पांच बजे तक ताबड़तोड़ प्रचार और रैली करने की रणनीति तैयार की है।