बरेली। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन से बरेली लोकसभा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार का एक वीडियो वायरल हुआ है। उनके विरोधी इसे जाति विशेष के खिलाफ बता रहे हैं। इसमें वह जाति विशेष के लोगों के बारे में बता रहे हैं कि ‘उनका मुख्य पेशा खेती-किसानी और पशु पालन था। पढ़ाई लिखाई के साधन उस समय बहुत ज्यादा अच्छे नहीं थे इसलिए विकास का मौका नहीं मिला। खेती किसानी और पशु पालन के चलते जंगल और खेतों में रहने के कारण थोड़ा उद्दंड हो गए लेकिन सत्ता मिलने पर ऐसे लोग विनम्र हो जाते हैं।’ वहीं, इस संबंध में भगवत सरन गंगवार का कहना है कि उन्होंने प्रदेश के गांव देहात में रहने वाले लोगों के पुराने समय को लेकर बात की थी। जाति विशेष के विरोध जैसा इसमें कुछ नहीं है लेकिन विरोधी इसे गलत तरीके से हवा दे रहे हैं।