बरेली। 16 जनवरी को होने वाले कोरोना टीकाकरण के लिए बुधवार की रात 8.23 बजे दिल्ली से कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की 142500 डोज बरेली पहुंचा दी गई हैं। इसमें बरेली समेत मुरादाबाद मंडल के दस जिलों को भेजी जाने वाली डोज के अलावा भदोही की 6480 डोज भी शामिल है। पुलिस अफसर और स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में वैक्सीन को कोल्ड स्टोर में सुरक्षित रखा गया। जेडी हेल्थ डॉ. जावेद हयात ने बताया कि गुरुवार सुबह दोनों मंडल के सभी जिलों को निर्धारित संख्या में डोज पुलिस की निगरानी में भेज दी जाएगी। मंडलीय कोल्ड स्टोर के इंचार्ज डॉ. आरसी शर्मा ने बताया कि भदोही को भेजी जाने वाली 6480 डोज लेने के लिए भदोही से इंटीग्रेटेड कोल्ड चेन वैन गुरुवार सुबह तक आ जाएगी। ब्यूरो