बरेली। रामनवमी के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक समितियों ने कार्यक्रम आयोजित कर श्रीराम नाम का गुणगान किया। कैंट के सदर बाजार स्थित हरि मंदिर से रामनवमी शोभायात्रा का आयोजन हुआ। इसमें केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने श्रीराम दरबार के स्वरूपों का तिलक क र आरती की। यात्रा मंदिर से शुरू होकर गोल बाजार, धोपेश्वरनाथ मंदिर, यादव मोहल्ला, मदारी की पुलिया होते हुए वापस मंदिर पर समाप्त हुआ। शोभायात्रा में सीता-राम, लक्ष्मण, हनुमान, राधा-कृष्ण, मां दुर्गा की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। यहां कृष्ण मेहता, ललित मोहन मल्होत्रा आदि मौजूद रहे। वहीं, सुभाषनगर स्थित तपेश्वरनाथ मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा मुख्य बाजार होते हुए बदायूं रोड आदि परंपरागत मार्गों से गुजरते हुए वापस मंदिर पर पहुंची। इसमें मुख्य रूप से रवि प्रकाश अग्रवाल, आलोक तायल आदि मौजूद रहे। वहीं, पक्का बाग स्थित जुगल विहार में श्रीराधा माधव संकीर्तन और निष्काम संकीर्तन मंडल की ओर से भगवन्नाम संकीर्तन का आयोजन हुआ। इसमें मंडली ने ‘भये प्रगट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी’, ‘आओ तुम्हें भगवान का दरबार दिखाएं’, ‘ठुमुक-ठुमुक चलत रामचंद्र बाजत पयजनिया’ आदि भजन सुनाए। यहां जुगल किशोर साबू, संदीप मेहरा आदि मौजूद रहे। राष्ट्र जागरण युवा मंच की ओर से आर्य समाज अनाथालय में बच्चों को खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।