बरेली। वोटर लिस्ट का सर्वे ठीक से न होने के चलते कई मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। कटरा चांद खां के रहने वाले रिटायर इंजीनियर वीरेंद्र स्वरूप सक्सेना का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने इसकी शिकायत निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर की है। उन्होंने बताया कि बरेली कैंट की लिस्ट से उनका नाम हटा दिया गया है। जबकि वह अभी भी उसी पते पर रह रहे हैं। सूची में नाम दर्ज न हुआ तो वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से भी वंचित रह जाएंगे। उन्होंने बीएलओ पर आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट का सर्वे ठीक ढंग से नहीं किया गया है। निर्वाचन विभाग के पास आए दिन ऐसे मामले आ रहे हैं। जाहिर है कि वोटर लिस्ट के सत्यापन को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।