बरेली। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय में सोमवार को वार्षिकोत्सव की शुरुआत गीत संगीत से नहीं बल्कि पुलवामा आतंकी हमले में शहीदों को याद करके की गई। दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद छात्राओं ने कॉलेज का कुलगीत और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. बीना पांडेय ने छात्राओं को देश प्रेम का पाठ पढ़ाया। डॉ. संध्या सक्सेना ने कॉलेज की रिपोर्ट पेश की। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश ने कहा कि आज जरूरत एकजुटता की है। युवा देश की ताकत बनें, ताकि पड़ोसी मुल्क हमारी तरफ आंख उठाकर न देख सकें। इसके बाद छात्राओं ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किए। युवा संसद के प्रमाण पत्र वितरित किए। यहां डॉ. अनीता त्यागी, डॉ. हेमलता, डॉ. रंजू राठौर, नेहा गुप्ता, डॉ. हिमशिखा आदि मौजूद रहीं।