बीते वर्ष इस दौरान 1,870 चपेट में थे, संवेदनशील सौ गांवों की सघन निगरानी से मच्छरों का हमला थमने का दावा
बरेली। मलेरिया के मरीजों की तादाद हर दिन बढ़ती जा रही है। बुखार की चपेट में रहे करीब 30 मरीजों में प्रतिदिन मलेरिया की पुष्टि हो रही है। 31 अगस्त तक जिले में 1,308 मरीज मिले हैं। डेंगू के मरीजों की संख्या 28 है।
हालांकि, आंकड़ों की मानें तो मलेरिया के मरीजों की संख्या पिछले साल से 30 फीसदी कम है। बीते वर्ष इस दौरान 1,870 मरीज चपेट में मिले थे। डेंगू की चपेट में 35 मरीज थे। अधिकारियों का मानना है कि करीब माह भर में मलेरिया का हमला थम जाएगा। वहीं, जो मरीज चपेट में आ रहे हैं उनकी फॉलोअप जांच भी हो रही है। ताकि मच्छरों के पैरासाइट्स खत्म हो जाएं।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने संचारी रोग नियंत्रण मुहिम के तहत सौ संवेदनशील गांवों में सौ नोडल अधिकारियों की तैनाती की। जिनकी जिम्मेदारी गांव में हो रही साफ-सफाई, फॉगिंग, स्प्रे, स्वास्थ्य शिविर, मरीजों का इलाज, फॉलोअप आदि की निगरानी और उसकी रिपोर्ट तैयार करना थी। लिहाजा, इन सभी गांवों में मलेरिया के मरीजों की तादाद घटने की एक वजह यह भी मानी जा रही है। अमर उजाला ब्यूरो